बारिश की राह ताक रहे किसान, बुवाई में देरी से बढ़ी चिंता

Share


भादसोड़ा, 2 जुलाई: जून बीत गया और जुलाई की शुरुआत भी हो चुकी है, लेकिन क्षेत्र में अब तक मानसून की पर्याप्त बारिश नहीं होने से खरीफ सीजन की बुवाई अटक गई है। खेत तैयार होने के बावजूद नमी के अभाव में किसान सोयाबीन, मक्का, उड़द सहित अन्य फसलों की बुवाई शुरू नहीं कर पा रहे हैं। इससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है
भादसोड़ा के किसान मोहन सुथार ने बताया कि हर वर्ष जून के अंतिम सप्ताह तक अधिकांश किसानों की बुवाई शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार बारिश नहीं होने से खेती का पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया है। यदि जल्द अच्छी वर्षा नहीं हुई तो बुवाई और अधिक विलंबित होगी, जिससे उत्पादन और किसानों की आय पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
किसान राधे सुथार ने बताया कि रोज आसमान में बादल तो नजर आते हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में आवश्यक नमी नहीं बन पा रही है। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि खरीफ फसलों की समय पर बुवाई बेहतर उत्पादन के लिए जरूरी है। बारिश में अधिक देरी होने पर फसल की पैदावार और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकती हैं।