डूंगरपुर, 2 जुलाई: राजकीय शिशु गृह में रह रही एक बालिका को विधिवत दत्तक ग्रहण प्रक्रिया के तहत नया परिवार मिल गया। दत्तक ग्रहण समिति की बैठक में केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) द्वारा चयनित दंपती के दस्तावेजों की जांच की गई। सभी दस्तावेज सही पाए जाने पर समिति ने सर्वसम्मति से बालिका को दत्तक देने का निर्णय लिया।
बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. कल्पित शर्मा ने बताया कि बालिका को गोद में लेते ही दत्तक माता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। इसके बाद दंपती को जिला मजिस्ट्रेट देशल दान के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जिला मजिस्ट्रेट ने दंपती से बातचीत कर उनके व्यवसाय, निवास और अन्य जानकारियां लीं तथा बालिका की अच्छी परवरिश और उच्च शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिशु गृह प्रबंधक कुलदीप शर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 में जिले से अब तक चार बच्चों को दत्तक ग्रहण कराया जा चुका है, जबकि दो अन्य बच्चों की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि निःसंतान दंपती दत्तक ग्रहण के लिए केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।