खाद के लिए घंटों लाइन में खड़े किसान

Share

धूप में परेशान अन्नदाता, पानी और छांव की व्यवस्था नहीं
बांसवाड़ा, 20 जून
: खरीफ सीजन के बीच बांसवाड़ा जिले में यूरिया और डीएपी खाद वितरण को लेकर किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को शहर स्थित सरकारी क्रय-विक्रय सहकारी समिति (लैम्प्स) के बाहर खाद लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी और तेज धूप में सैकड़ों किसान घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे, जबकि मौके पर पीने के पानी और छांव की समुचित व्यवस्था नहीं थी।
दानपुर से आए किसान दिनेश मईड़ा ने बताया कि वे सुबह 8 बजे से लाइन में लगे थे, लेकिन दोपहर 2 बजे तक भी उनका नंबर नहीं आया। वहीं कटुम्बी गांव के बुजुर्ग किसान कांतिलाल ने कहा कि घंटों इंतजार के बावजूद खाद मिलने की कोई निश्चितता नहीं है। किसानों ने वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने और अतिरिक्त काउंटर खोलने की मांग की।
किसानों का कहना है कि प्रशासन को खाद वितरण केंद्रों पर टेंट, पेयजल और बैठने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि गर्मी में राहत मिल सके। दूसरी ओर कृषि विभाग के उपनिदेशक कैलाश मीणा ने दावा किया कि जिले में किसानों की मांग से अधिक खाद उपलब्ध है और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद किसानों की परेशानी कम होती नजर नहीं आ रही है।