रेप केस में फंसाने की धमकी देकर करती थी पैसों की मांग, 10 हजार का था इनाम
उदयपुर, 24 जून: सुखेर थाना पुलिस ने व्यवसायी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में चार साल से फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी क्षेत्र से टीना नट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि महिला लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी और मोबाइल बंद रखकर पुलिस से बचती फिर रही थी। पुलिस टीम लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार टीना नट की पहचान व्यवसायी पीयूष गिलुंडिया से किराए का मकान लेने के दौरान हुई थी। आरोप है कि इसके बाद महिला ने पीयूष को छेड़छाड़ और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना के कारण पीयूष तनाव में आ गया।
29 जून 2022 को पीयूष गिलुंडिया ने अपने मित्र सुनील भंडारी के घर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके से मिले सुसाइड नोट में उसने टीना नट द्वारा झूठे आरोपों में फंसाने की धमकियों से परेशान होने का उल्लेख किया था। पुलिस ने मामले में जांच के बाद महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।