उदयपुर, 24 जून: शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद एक युवक द्वारा कथित तौर पर युवती और उसके परिवार को परेशान करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश की एक युवती ने उदयपुर निवासी युवक पर एआई तकनीक से फर्जी तस्वीरें बनाने, सैकड़ों कैब बुक कराने और गोद भराई के नकली निमंत्रण पत्र बंटवाने का आरोप लगाया है। मामला मध्यप्रदेश महिला आयोग तक पहुंच गया है, जहां युवती ने बयान दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार उसकी बहन ने वैवाहिक वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उदयपुर निवासी युवक से संपर्क हुआ और परिवार की मौजूदगी में मुलाकात भी हुई। हालांकि युवक का व्यवहार उचित नहीं लगने पर परिवार ने रिश्ते से इनकार कर दिया। इसके बाद युवक लगातार फोन कॉल और संदेशों के जरिए संपर्क करने लगा। परेशान होकर युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन आरोप है कि वह अलग-अलग नंबरों और फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से संपर्क करता रहा।
युवती का आरोप है कि जनवरी 2026 में युवक ने उसके घर के पते पर ओला, उबर और रैपिडो जैसी सेवाओं के जरिए करीब 500 टैक्सी और बाइक बुक करवा दीं। एक साथ बड़ी संख्या में वाहन पहुंचने से परिवार और ड्राइवरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती की गोद भराई के फर्जी निमंत्रण पत्र छपवाकर कॉलोनी में बंटवा दिए। कार्ड में मेहमानों को चांदी का सिक्का देने का उल्लेख किया गया था, ताकि अधिक लोग कार्यक्रम में पहुंचें। शिकायत के अनुसार युवक ने एआई की मदद से युवती की शादी और हनीमून की फर्जी तस्वीरें भी बनाईं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि किसी व्यक्ति की अनुमति के बिना एआई आधारित फर्जी तस्वीरें बनाना निजता का गंभीर उल्लंघन है और ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल महिला आयोग मामले की जांच कर रहा है।