ईद ड्यूटी से पहले कॉल अनअटेंड, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
प्रतापगढ़, 28 मई: प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला कॉन्स्टेबल का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। ईद ड्यूटी पर नहीं पहुंचने और कॉल रिसीव नहीं करने पर साथी पुलिसकर्मी उन्हें बुलाने पहुंचे थे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर गेट तोड़ा गया, जहां अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी स्तब्ध रह गए।
एसपी बी. आदित्य ने बताया कि मृतका की पहचान कॉन्स्टेबल शोम कंवर (26) पुत्री कुशल सिंह निवासी वरमंडल, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। वह छोटी सादड़ी थाने में तैनात थीं और ईद के मौके पर उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। सुबह करीब 7 बजे जब साथी उन्हें लेने पहुंचे तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा तोड़ने पर कमरे में पंखे से शव लटका मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शोम 2022 बैच की कॉन्स्टेबल थीं और पिछले एक वर्ष से छोटी सादड़ी थाने में तैनात थीं। वह चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थीं। परिजनों के अनुसार बुधवार रात उनकी अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें सब सामान्य था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच सभी पहलुओं से कर रही है।