पिता से मिली जमीन के लिए पति बना हैवान

Share

सरिए से सिर फोड़कर पत्नी को उतारा मौत के घाट
बांसवाड़ा, 28 मई:
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मायके से मिली एक बीघा जमीन के लालच में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के नबीपुरा इलाके में हुई। आरोपी पति ने बर्तन साफ कर रही पत्नी के सिर पर सरिए से ताबड़तोड़ वार किए और उसे लहूलुहान हालत में तड़पता छोड़ फरार हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जमीन अपने नाम कराने का बना रहा था दबाव
मृतका इतरी मईड़ा (32) की शादी 18 साल पहले नबीपुरा निवासी सूरज मईड़ा (35) से हुई थी। इतरी के पिता ने उसे शादी के वक्त उपहार स्वरूप एक बीघा जमीन दी थी, जिसका नामांतरण करीब 6 महीने पहले ही इतरी के नाम हुआ था। पेंट-पुताई का काम करने वाला पति सूरज लगातार उस जमीन को अपने नाम करवाने के लिए इतरी पर दबाव बना रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बर्तन मांजते समय पीछे से किया जानलेवा हमला
गुरुवार सुबह भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर सूरज ने घर में रखा लोहे का सरिया उठाया और काम कर रही इतरी के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े बड़े भाई गौतम ने लहूलुहान इतरी को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे तीन मासूम बेटों को छोड़ गई है।
आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त में


कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिशनोई ने बताया कि वारदात के बाद भाग रहे आरोपी पति सूरज को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए डिटेन (हिरासत) कर लिया है। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पीहर पक्ष की रिपोर्ट और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।