डूंगरपुर, 29 मई: डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के श्री हरिदेव जोशी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान भर्ती एक महिला मरीज को कथित तौर पर एक्सपायरी डेट की ड्रिप चढ़ाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया और परिजनों ने गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
निवर्तमान पार्षद नरेश यादव की पत्नी अपेक्षा यादव (30) को पेट दर्द के चलते 27 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में अपेंडिक्स की आशंका के बाद उन्हें महिला सर्जिकल वार्ड में रखा गया था। परिजनों के अनुसार गुरुवार देर रात मरीज को ड्रिप लगाई गई, लेकिन शुक्रवार सुबह जब पार्षद पति ने बोतल देखी तो उस पर एक्सपायरी डेट दर्ज होने का दावा किया गया।
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत नर्सिंगकर्मियों और अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इस पर ड्रिप हटाने की कोशिश की गई, लेकिन परिजनों ने पहले जांच की मांग की। मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच कमेटी गठित कर दी है। उप अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ सिंह ने कहा कि ड्रिप किसने चढ़ाई और लापरवाही कहां हुई, इसकी जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नरेश यादव ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी पत्नी को कोई नुकसान होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होगी।