जनगणना-2027 को लेकर फील्ड ट्रेनर्स को दिया प्रशिक्षण

Share

प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जिम्मेदारियां समझाई, एचएलओ ऐप का लाइव डेमो
उदयपुर, 17 अप्रैल:
जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण के तीसरे दिन शुक्रवार को प्रगणकों और सुपरवाइजरों को उनकी जिम्मेदारियों तथा कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में एचएलओ मोबाइल ऐप के जरिए मकानों के सूचीकरण और गणना प्रक्रिया का लाइव डेमो भी कराया गया।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर बनवारी लाल बुम्बरिया ने फील्ड ट्रेनर्स को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना तथा फील्ड में कार्य करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही प्रगणकों और सुपरवाइजरों की भूमिका एवं उत्तरदायित्वों पर विस्तार से जानकारी दी। अंतिम सत्र में प्रतिभागियों का जनगणना कार्यप्रणाली से संबंधित मूल्यांकन भी किया गया।
समापन सत्र में जनगणना निदेशालय, जयपुर के जिला समन्वयक महेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि जनगणना देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है। इसके माध्यम से सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय आंकड़े जुटाए जाते हैं, जिनके आधार पर केंद्र और राज्य सरकारें विकास योजनाएं तैयार करती हैं।
जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन दीपेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार की 6 अप्रैल 2026 की अधिसूचना के अनुसार आमजन को जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करना होगा और सही जानकारी उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपजिला जनगणना अधिकारी पुनीत शर्मा, राजेन्द्र खटीक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।