‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान में कांग्रेस ने भरी हुंकार

Share

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत कर नगर निगम में कांग्रेस बोर्ड बनाने का आह्वान
उदयपुर, 17 अप्रैल:
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं उदयपुर प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की कार्यशैली से जनता परेशान है और इस स्थिति से मुक्ति के लिए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना आवश्यक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के सहयोग से नगर निगम में भाजपा के लंबे शासन को समाप्त कर कांग्रेस का बोर्ड बनाएंगे।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं सह-प्रभारी डिंपल राठौड़, राजपाल सिंह तंवर, लिंबाराम गरासिया और मंडल अध्यक्ष ऋतुराज मिश्रा सहित कई नेताओं ने संगठन विस्तार पर जोर दिया।
जिला कांग्रेस महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि बैठक में पूर्व विधायक त्रिलोक पुरबिया, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस और सेवादल पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।