राई के दाने पर गढ़े फीफा के गोल्डन बूट

Share

दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों को भेंट करना चाहते हैं डॉ. इकबाल सक्का
उदयपुर, 13 जुलाई:
विश्व रिकॉर्डधारी स्वर्ण शिल्पी डॉ. इकबाल सक्का ने एक बार फिर अपनी सूक्ष्म कला से दुनिया को चौंका दिया है। उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप-2026 के लिए दुनिया के सबसे छोटे गोल्डन बूट, सिल्वर बूट, ब्रॉन्ज बूट और फुटबॉल तैयार किए हैं। राई और अंजीर के दाने के बराबर आकार की इन कलाकृतियों को केवल लेंस की सहायता से देखा जा सकता है।
डॉ. सक्का इन अनूठी कलाकृतियों को भारत के 140 करोड़ खेल प्रेमियों की ओर से फीफा वर्ल्ड कप के शीर्ष खिलाड़ियों को भेंट करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने स्विट्जरलैंड स्थित फीफा मुख्यालय और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) को अनुमति के लिए पत्र भेजा है।
इन सूक्ष्म कलाकृतियों के साथ उन्होंने भारत का तिरंगा, फीफा ध्वज और विश्व शांति का इंद्रधनुषी झंडा भी तैयार किया है। डॉ. सक्का का कहना है कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि विश्व बंधुत्व और शांति का संदेश देने का माध्यम भी है। उनकी यह रचना भारतीय शिल्पकला, सूक्ष्म कला और खेल भावना का अद्भुत संगम बनकर सामने आई है।