पेड न्यूज निगरानी के लिए मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी का गठन

Share

उदयपुर, 1 सितम्बर: नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) गौरव अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, चुनाव के दौरान पेड न्यूज पर पैनी नजर रखने और उसकी प्रभावी मॉनीटरिंग के लिए जिला स्तर पर चार सदस्यीय मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी (एमएमसी) का गठन किया गया है।
नवगठित जिला स्तरीय कमेटी में अध्यक्ष जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) होंगे। वहीं उपनिदेशक जनसंपर्क को सदस्य सचिव बनाया गया है। विशेषाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, उदयपुर तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर-शहर को कमेटी में सदस्य नियुक्त किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी नगरीय निकाय और पंचायत आम चुनाव-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावमुक्त बनाना है, ताकि चुनावों में पेड न्यूज के जरिए मतदाताओं को प्रभावित न किया जा सके।
यह है पेड न्यूज की परिभाषा
भारतीय प्रेस परिषद और भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, किसी भी मीडिया (प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक) में नकद या वस्तु के रूप में भुगतान के बदले प्रकाशित या प्रसारित होने वाली कोई भी खबर या विश्लेषण पेड न्यूज कहलाता है। इसके तहत किसी उम्मीदवार या दल के पक्ष में इस तरह से प्रचार किया जाता है, जिससे वह विज्ञापन न लगकर एक सामान्य समाचार या आलेख जैसा प्रतीत हो। इससे आम पाठक या दर्शक भ्रमित हो जाते हैं। यह निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करता है क्योंकि मतदाता को उम्मीदवार की सही तस्वीर नहीं मिल पाती। उम्मीदवार अक्सर इस छिपे हुए विज्ञापन के खर्च को अपने आधिकारिक चुनावी व्ययमें नहीं दर्शाते, जो कि चुनावी नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

मावली में 36 नामांकन खारिज\

उदयपुर, 1 सितम्बर: राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे नगर निकाय चुनावों के तहत मंगलवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। इसमें मावली में 36 नामांकन खारिज हुए।
रिटर्निंग अधिकारी मावली रमेश सीरवी पुनाड़िया ने बताया कि कुल प्राप्त 108 आवेदनों में से जांच के बाद 36 फॉर्म खारिज कर दिए गए हैं, इनमें से 35 नामांकन राजनैतिक दलों के उम्मीदवारों के रूप में जमा हुए थे, लेकिन आवश्यक प्रपत्र क एवं ख जमा नहीं होने से उन्हें निरस्त किया गया। वहीं एक नामांकन पत्र उम्मीदीवार की आयु 21 वर्ष पूर्ण नहीं होने के कारण निरस्त हुआ। इसके अलावा संवीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्ड नंबर 7 से उम्मीदवार मंगल सिंह चुण्डावत ने अपना नाम वापस ले लिया है। वर्तमान में 71 उम्मीदवारों के 72 आवेदन वैध पाए गए हैं।