उदयपुर, 1 सितंबर: सड़क सुरक्षा के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने एवं उन्हें समाज में सड़क सुरक्षा दूत के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार को उदयपुर स्कूल ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) कॉलेज में उदयपुर यातायात पुलिस एवं आधार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा शिक्षा विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।
सेमिनार में मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) के विद्यार्थियों को “प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण” (ट्रैनिंग ऑफ ट्रैनर्स) के तहत सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को इस प्रकार तैयार करना है कि वे अपनी शिक्षा पूर्ण करने के बाद जिस भी क्षेत्र में कार्य करें, सेवा संकल्प से जुड़ें अथवा किसी एनजीओ या सामाजिक संस्था के साथ कार्य करें, वहां आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकें।
इस अवसर पर यातायात पुलिस उपाधीक्षक भंवर चौधरी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा कि “आप आने वाले समय के योद्धा हैं, जो सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में क्रांति ला सकते हैं।” उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि युवा वर्ग आगे आकर सड़क सुरक्षा के लिए कार्य करेगा तो सड़क दुर्घटनाओं की दर में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आधार फाउंडेशन के नारायण चौधरी ने बताया कि विद्यार्थियों को केवल सड़क सुरक्षा के सामान्य नियमों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें समय-समय पर कम्यूनिटी ट्रैफिक पुलिस, क्रैश टेस्ट इन्वेस्टिगेशन सामुदायिक यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटना प्रशिक्षण और जांच, सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण, दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर सहायता पहुंचाने तथा प्राथमिक सहायता एवं बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से एक ऐसी युवा टीम तैयार की जाएगी जो सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनके प्रभावों का अध्ययन कर सके। इसके साथ ही दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की स्थिति अत्यधिक गंभीर होने के प्रमुख कारणों तथा कहां और किस स्तर पर सुधार की आवश्यकता है, इस विषय पर रिपोर्ट तैयार करने की दिशा में भी विद्यार्थियों को कार्य कराया जाएगा।
कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज आधार फाउंडेशन एवं यातायात पुलिस के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में आगे भी सक्रिय रूप से कार्य करेगा। कॉलेज के विद्यार्थी यातायात व्यवस्था में सुधार, जनजागरूकता एवं सड़क सुरक्षा अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में यातायात पुलिस उपाधीक्षक भंवर जी चौधरी द्वारा सभी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने, दूसरों को जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
वाहनों के अग्रिम पंजीयन के लिए नई सीरीज शुरू
उदयपुर, 1 सितम्बर: गैर-परिवहन दुपहिया एवं चारपहिया वाहनों के इच्छित पंजीयन क्रमांक/अग्रिम नंबर के लिए नई सीरीज शुरू की जा रही है। इच्छुक आवेदक ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पंजीयन एवं जिला परिवहन अधिकारी मुकेश कुमार डाड ने बताया कि ई-ऑक्शन में भाग लेने के लिए विभागीय वेबसाइट के माध्यम से ई-ऑक्शन पोर्टल पर स्वयं लॉगिन कर आईडी बनानी होगी जिसकी प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया परिवहन सेवा के ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी।