दिव्यांग पुनर्वास और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का किया अवलोकन, बोले- मानवता की सच्ची सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण
उदयपुर, 1 जुलाई: राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एवं एसोसिएशन ऑफ रिटायर्ड जजेज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.के. रांका ने बुधवार को नारायण सेवा संस्थान के बड़ी स्थित सेवा महातीर्थ परिसर का भ्रमण कर दिव्यांगजन पुनर्वास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान की सेवाओं की सराहना करते हुए इसे मानवता की सच्ची सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया और कहा कि एक ही परिसर में जरूरतमंदों के लिए इस प्रकार की समर्पित व्यवस्थाएं अनुकरणीय हैं।
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने रांका का स्वागत करते हुए चार दशकों से अधिक समय से संचालित संस्थान की सेवा यात्रा और विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान रांका ने निःशुल्क सर्जरी, कृत्रिम अंग एवं कैलीपर्स निर्माण, कौशल विकास, शिक्षा, स्वरोजगार और सामाजिक पुनर्वास से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा सर्वोच्च धर्म है और नारायण सेवा संस्थान समर्पण, संवेदनशीलता एवं उत्कृष्ट प्रबंधन के साथ इस भावना को साकार कर रहा है। उन्होंने संस्थान के निरंतर जनकल्याण कार्यों की सफलता और प्रगति की भी कामना की।