जयपुर इंटर-रीजन प्रतियोगिता हेतु प्रतिभागियों का चयन
उदयपुर, 1 जुलाई: जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन (जेएसजीआईएफ) मेवाड़ रीजन द्वारा उदयपुर मार्बल एसोसिएशन सभागार में भव्य महा अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मेवाड़ रीजन के 10 जैन सोशल ग्रुप्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी संगीत प्रतिभा, सांस्कृतिक ज्ञान एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंताक्षरी प्रतियोगिता संयोजक रवि बारोला ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रारम्भिक चरण में प्रतिभागी टीमों को “अनजाने”, “दीवाने” एवं “परवाने” तीन समूहों में विभाजित किया गया। प्रत्येक समूह से श्रेष्ठ टीमों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया गया।
सचिव आशुतोश सिसोदिया ने बताया कि अंतिम चरण में जेएसजी उदय, जेएसजी उमंग एलीट एवं जेएसजी कुटुम्ब ने स्थान बनाया। फाइनल मुकाबले में प्रतिभागियों को सामान्य अंताक्षरी, संगीत राउंड, मूक (म्यूट) राउंड, “चोरी मेरा काम” सहित अनेक रोचक एवं चुनौतीपूर्ण चरणों से गुजरना पड़ा, जिससे पूरे आयोजन में रोमांच एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।
चेयरमैन अरुण मांडोत ने विजेता टीमों की घोषणा करते हुए बताया कि प्रथम स्थान जेएसजी उमंग एलीट, द्वितीय स्थान जेएसजी उदय तथा तृतीय स्थान जेएसजी कुटुम्ब ने प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल द्वारा चयनित श्रेष्ठ छह प्रतिभागी आगामी 12 जुलाई 2026 को जयपुर में आयोजित जेएसजीआईएफ अंतर-रीजन अंताक्षरी प्रतियोगिता में मेवाड़ रीजन का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन ब्रजेन्द्र सेठ ने किया, जबकि सुप्रसिद्ध गायिका श्रीमती भाग्यश्री गन्ना ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए निष्पक्ष एवं सराहनीय निर्णय प्रदान किए।
इस अवसर पर जेएसजीआईएफ के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री आर.सी. मेहता, भूतपूर्व चेयरमैन श्री मोहन बोहरा, चेयरमैन इलेक्ट श्री पारस ढेलावत, उपाध्यक्ष श्री महेश पोरवाल एवं श्री हिमांशु मेहता, संयुक्त सचिव श्री पूरन मेहता, कोषाध्यक्ष श्री श्याम सिसोदिया, श्री नीतूल चण्डालिया, श्री प्रकाश कोठारी, जोन समन्वयक श्री प्रशांत भंडारी सहित विभिन्न ग्रुप्स के संस्थापक अध्यक्ष, अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में चेयरमैन अरुण मांडोत ने कहा कि जेएसजीआईएफ केवल सेवा कार्यों का संगठन नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति, मित्रता, पारिवारिक एकता एवं प्रतिभा संवर्धन का सशक्त मंच है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन सदस्यों को एक-दूसरे के निकट लाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं संगीत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेवाड़ रीजन की चयनित टीम जयपुर में आयोजित अंतर-रीजन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेवाड़ का गौरव बढ़ाएगी।