उदयपुर, 1 नवंबर: दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नारायण सेवा संस्थान के प्रयासों की पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सराहना की। लखनऊ में आयोजित निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स फिटमेंट शिविर में उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के अनुभव सुनने के बाद कुछ कहने की जरूरत नहीं, संस्थान का काम स्वयं बोल रहा है। गोमती नगर स्थित दयाल गेटवे होटल में आयोजित शिविर का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में 40 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने 432 दिव्यांगजनों को 549 कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स निःशुल्क लगाए। उन्हें चलने का अभ्यास और फिजियोथैरेपी की सुविधा भी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए प्रदेश में भूखंड या भवन उपलब्ध कराने की घोषणा की। संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।