दिव्यांग कोटे में फर्जीवाड़ा: पांच शिक्षक निलंबित, 141 की होगी दोबारा जांच

Share

चित्तौड़गढ़, 30 जून: दिव्यांग कोटे से हुई शिक्षक भर्तियों की जांच में बड़ा खुलासा होने के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने चंद्रेश कुमार सहित पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। अब माध्यमिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग कोटे से भर्ती 141 शिक्षकों की भी दोबारा मेडिकल जांच कराई जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वर्ष 2016 से 2022 तक भर्ती शिक्षकों के प्रमाण पत्रों के पुनर्परीक्षण के निर्देश पर 85 शिक्षकों की मेडिकल जांच कराई गई थी। इनमें 80 पात्र पाए गए, जबकि पांच की दिव्यांगता निर्धारित मानदंड से कम मिली। नियमों के अनुसार 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता पर ही आरक्षण का लाभ मिलता है। अपात्र पाए जाने वालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई और मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।