उदयपुर, 30 जून: महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित 14वीं राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैम्पियनशिप-2026 में उदयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान की झोली में 16 पदक डाले। इनमें तीन स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य पदक शामिल हैं। उदयपुर पेंचक सिलाट एसोसिएशन के मुख्य सचिव हरीश कुमार सांवरिया ने बताया कि 25 से 28 जून तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर के करीब दो हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन और महाराष्ट्र पेंचक सिलाट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और खेल संगठनों ने खुशी जताते हुए इसे उदयपुर और राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।