उदयपुर, 11 जुलाई: जय हनुमान रामचरित मानस प्रचार समिति ट्रस्ट, उदयपुर मेवाड़ की ओर से 26 जुलाई को शोभागपुरा स्थित अशोका पैलेस के मधुश्री बैंक्वेट हॉल में नि:शुल्क वैदिक ज्योतिष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा, जिसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
हस्तरेखा से कुंडली मिलान तक मिलेगा मार्गदर्शन
ट्रस्ट के संस्थापक सचिव पं. सत्यनारायण चौबीसा ने बताया कि शिविर में श्रद्धालुओं को हस्तरेखा, भाग्य रेखा, कुंडली मिलान और वैदिक ज्योतिष से जुड़े विभिन्न विषयों पर नि:शुल्क परामर्श दिया जाएगा। साथ ही अनुभवी ज्योतिषाचार्य व्यक्तिगत समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी करेंगे।
51 विद्वान ज्योतिषाचार्य देंगे सेवाएं
आयोजन से जुड़े मुकेश माधवानी ने बताया कि शिविर में 51 विद्वान ज्योतिषाचार्य अपनी सेवाएं देंगे। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नि:शुल्क वैदिक ज्योतिष शिविर का लाभ उठाने की अपील की।