वेब सीरीज ‘फर्जी’ देखकर बनाया नकली नोटों का गिरोह, मास्टरमाइंड लुधियाना से गिरफ्तार

Share

डूंगरपुर पुलिस ने 1300 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा, अलग-अलग राज्यों से तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
डूंगरपुर, 23 अक्टूबर:
वेब सीरीज ‘फर्जी’ से प्रेरित होकर नकली भारतीय मुद्रा छापने और सप्लाई करने का कथित गिरोह बनाने वाले मास्टरमाइंड रवि कुमार मिश्रा को डूंगरपुर पुलिस ने पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए तीन दिन में करीब 1300 किलोमीटर तक पीछा किया। मामले में तीन अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के अनुसार 30 सितंबर को रामसागड़ा थाना क्षेत्र के माड़ा स्कूल ग्राउंड से भावेश खटीक और नयन जोशी को 4.95 लाख रुपए से अधिक के जाली नोटों के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में रवि मिश्रा का नाम सामने आया, जो कार्रवाई की भनक लगने पर फरार हो गया था।
पुलिस ने रवि से पूछताछ के बाद हरियाणा के आनंद राजपूत, कानपुर के आरिफ मोहम्मद उर्फ अंकित और छत्तीसगढ़ के तरुण मालेकर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर नकली नोटों के लिए कागज, छपाई संबंधी जानकारी और 500 रुपए के नोटों की डिजिटल फाइलें उपलब्ध कराईं। अब पुलिस पूरे नेटवर्क और नकली नोटों की सप्लाई की जांच कर रही है।