सात दिवसीय समारोह के पांचवें दिन भव्य भजन संध्या; 15 अगस्त को झंडारोहण व तिरंगा यात्रा, 17 को निकलेगी 21वीं विशाल कावड़ यात्रा
उदयपुर, 13 अगस्त: आगामी 17 अगस्त को गंगोद्भव कुंड से उभयेश्वर महादेव तक निकलने वाली 21वीं विशाल कावड़ यात्रा को लेकर आयोजित सात दिवसीय समारोह के पांचवें दिन गुरुवार को गंगोद्भव परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रीदेव राजराजेश्वर महादेव मंदिर में श्री एकलिंगनाथ सत्संग मंडल, आम्बादरकत के तत्वावधान में भव्य संगीतमय भजन संध्या हुई। महादेव के भजनों पर श्रद्धालु देर तक भक्तिरस में डूबे रहे और पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
भजन संध्या में श्याम टेलर, लोकेश जोशी, नरेश औदिच्य, सीपी साहू, मोहन, नरेश दवे और सुरेश साहू की टीम ने शिव भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य कावड़ यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
15 अगस्त को तिरंगा यात्रा
संयोजक एडवोकेट डॉ. रामकृपा ने बताया कि समारोह के छठे दिन 15 अगस्त को सुबह 8 बजे गंगोद्भव प्रांगण में झंडारोहण होगा। शाम 4 बजे गंगा कलश पूजन के बाद परशुराम चौराहे से गंगोद्भव कुंड तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। प्रवक्ता कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि आयोजन में यज्ञ नारायण शर्मा, मनोहर चौधरी, महेश भावसार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।