निकाय-पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी उतारेगा श्री एकलिंगनाथ राष्ट्रीय सेवा संगठन

Share

उदयपुर के 80 वार्डों में अधिकांश सीटों पर दावेदारी की तैयारी; महिलाओं और जनसमस्याओं को चुनावी एजेंडे में शामिल करेगा संगठन
उदयपुर, 13 अगस्त:
आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों में सामाजिक संगठनों की चुनावी सक्रियता बढ़ने लगी है। श्री एकलिंगनाथ राष्ट्रीय सेवा संगठन ने महिलाओं के अधिकार, आत्मनिर्भरता और शहर-ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारने का फैसला किया है। गुरुवार को हुई संगठन की कोर कमेटी की बैठक में इस संबंध में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
80 में से अधिकांश वार्डों पर तैयारी
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष आकाश बागड़ी ने बताया कि उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में से अधिकांश में निर्दलीय प्रत्याशी उतारने की तैयारी है। प्रत्याशियों के चयन में सामाजिक सक्रियता, क्षेत्र की समस्याओं की समझ और जनता के बीच स्वीकार्यता को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को पंचायत चुनाव में प्रतिनिधित्व देने की भी योजना है।
महिलाओं के मुद्दों को राजनीतिक मंच
बागड़ी ने कहा कि संगठन लंबे समय से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का काम कर रहा है। स्थानीय स्तर की कई समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जुड़ी हैं, लेकिन समय पर समाधान नहीं हो पाता। ऐसे में संगठन अब सामाजिक सेवा के साथ राजनीतिक प्रतिनिधित्व के जरिए इन मुद्दों को उठाएगा।
मूलभूत सुविधाओं पर होगा संकल्प पत्र
संगठन उदयपुर शहर की समस्याओं को लेकर विस्तृत संकल्प पत्र तैयार करेगा। इसमें पेयजल, सड़क, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, रोजगार और महिलाओं से जुड़े मुद्दों के साथ अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान को शामिल किया जाएगा। संगठन का दावा है कि चुनाव में प्रत्याशी केवल जीत के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने के एजेंडे के साथ मैदान में उतरेंगे।