जयपुर के श्रद्धालु परिवार ने अर्पित की अनूठी सौगात
चित्तौड़गढ़, 16 जुलाई: राजस्थान के प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में गुरुवार को जयपुर के एक श्रद्धालु परिवार ने भगवान श्री सांवलिया सेठ को करीब 20 लाख रुपए मूल्य की 137 ग्राम शुद्ध सोने से निर्मित बांसुरी भेंट की। मंदिर प्रशासन ने विधिवत भेंट स्वीकार कर रसीद जारी की और परंपरा के अनुसार परिवार का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया तथा प्रसाद और प्रभु की छवि भेंट की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण और बांसुरी का विशेष संबंध माना जाता है। श्रद्धालु परिवार ने अपनी आस्था और मनोकामना पूर्ण होने पर यह स्वर्ण बांसुरी अर्पित की। मंदिर आने वाले भक्तों ने भी इस भेंट को श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बताया।
श्री सांवलिया सेठ मंदिर देश के प्रमुख कृष्ण धामों में शामिल है, जहां हर वर्ष करोड़ों रुपए की नकदी, सोना-चांदी और बहुमूल्य आभूषण चढ़ावे के रूप में प्राप्त होते हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार इन भेंटों का उपयोग मंदिर के विकास, धार्मिक आयोजनों और जनहित के कार्यों में किया जाता है। 20 लाख रुपए की इस स्वर्ण बांसुरी ने एक बार फिर सांवलिया सेठ के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को उजागर किया।