हिस्ट्रीशीटर के कब्जे से 35 करोड़ की सरकारी जमीन ​कराई मुक्त

Share

चिकलवास में यूडीए की बड़ी कार्रवाई, 75 हजार वर्गफीट भूमि से हटाया अवैध अतिक्रमण
उदयपुर, 16 जून:
उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने मंगलवार को चिकलवास क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर करीब 75 हजार वर्गफीट जमीन को कब्जामुक्त कराया। प्राधिकरण के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का बाजार मूल्य लगभग 35 करोड़ रुपये आंका गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के पत्र के बाद यूडीए ने मामले की जांच करवाई। जांच में सामने आया कि चिकलवास स्थित प्राधिकरण की भूमि पर हिस्ट्रीशीटर रोहिताश उर्फ रोहित श्रीमाली द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। मामले में यूडीए की ओर से नोटिस जारी कर संबंधित पक्ष से स्वामित्व और कब्जे से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन निर्धारित समय में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए।
आयुक्त और सचिव के निर्देश पर कार्रवाई
प्राधिकरण आयुक्त अभिषेक खन्ना और सचिव हेमेंद्र नागर के निर्देश पर यूडीए की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को हटाकर भूमि को पुनः प्राधिकरण के कब्जे में लिया गया।
अवैध कब्जों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले उसके स्वामित्व और दस्तावेजों की विधिवत जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
और भी कार्रवाई की तैयारी
यूडीए अधिकारियों के अनुसार प्राधिकरण क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अन्य अतिक्रमणों की भी जांच की जा रही है। जहां भी अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को मुक्त कराया जाएगा।
यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना का कहना है कि “सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसके दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य करें।”