सेन्द्रों की भागल में सरकारी विद्यालय बना ‘हैप्पी स्कूल’, हुआ उद्घाटन

Share

राजकीय स्कूल को निजी विद्यालय के समकक्ष सुविधाओं से किया सुसज्जित
उदयपुर, 1 अप्रैल
: रोटरी क्लब मीरा द्वारा रोटरी इंटरनेशनल के ग्लोबल ग्रांट के तहत सेन्द्रों की भागल स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर ‘हैप्पी स्कूल’ के रूप में विकसित किया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों को निजी स्कूलों के समकक्ष बनाना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
ग्लोबल ग्रांट कमेटी एवं रोटरी डिस्ट्रिक्ट हैप्पी स्कूल कमेटी की अध्यक्ष संगीता मूंदड़ा ने बताया कि रोटरी क्लब मीरा द्वारा कुल 7 हैप्पी स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सेन्द्रों की भागल का विद्यालय तैयार किया गया है, जबकि कडेचो का गुड़ा में भी कार्य अंतिम चरण में है। इस प्रोजेक्ट में ऑस्ट्रेलिया के रोटरी क्लब बॉक्स हिल सेंट्रल का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रांतपाल प्रज्ञा मेहता, पूर्व प्रांतपाल निर्मल कुणावत, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, ऑस्ट्रेलिया से मार्क बाला एवं पद्मश्री श्याम सुंदर पालीवाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
परियोजना के तहत विद्यालय में 4 नए शौचालयों का निर्माण, भवन की मरम्मत व रंगाई, कक्षाओं का पुनर्निर्माण, जलरोधीकरण, डेस्क-बेंच, स्वच्छ पेयजल, हैंडवॉश स्टेशन, फर्नीचर, शैक्षणिक व खेल सामग्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावक, दानदाता एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।