शिक्षा मंत्री ने शहीदों की माताओं का किया सम्मान, लिया आशीर्वाद
उदयपुर, 31 मार्च: मदन दिलावर ने मंगलवार को उदयपुर प्रवास के दौरान बेदला में आयोजित कार्यक्रम में वीर प्रसूताओं का सम्मान कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान भावुक माहौल बन गया, जब मंत्री ने राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों की माताओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर शौर्य चक्र विजेता शहीद मेजर मुस्तफा और शहीद प्रकाश खटीक की माताओं का विशेष रूप से सम्मान किया गया। जैसे ही मंत्री ने उनके चरणों में नतमस्तक होकर श्रद्धा व्यक्त की, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित जनसमूह भावुक हो गया।
त्याग और बलिदान को किया नमन
मंत्री दिलावर ने कहा कि देश की सीमाएं वीर सपूतों के साहस और बलिदान से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि एक सैनिक को जन्म देने वाली मां का स्थान ईश्वर से भी ऊपर है और उनका त्याग पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।