भामाशाह सेठ गणपत सोनी ने उठाई भवन निर्माण की जिम्मेदारी, भूमि पूजन के साथ शुरू हुई पहल
मावली, 14 नवम्बर: सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाओं के लिए सरकारों के बजट का इंतजार किए बिना थामला गांव के भामाशाह ने बड़ी पहल की है। समाजसेवी सेठ गणपत सोनी ने गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नए भवन निर्माण का बीड़ा उठाया है। करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस भवन का शनिवार को भूमि पूजन किया गया। इस पहल से थामला सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
शिक्षा के लिए भामाशाह की बड़ी पहल
विद्यालय परिसर में आयोजित भूमि पूजन समारोह में विधायक पुष्करलाल डांगी, प्रधान नरेंद्र चण्डालिया और मावली सीबीईओ प्रेरणा नौसालिया सहित जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों और भामाशाह ने निर्माण कार्य की नींव रखी। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह का योगदान ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगा।
दर्जनों गांवों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
नया भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। ग्रामीणों ने इसे गांव के शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सेठ गणपत सोनी के योगदान की सराहना की। समारोह में विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।