वार्ड 39 में नई पेयजल पाइपलाइन का भूमि पूजन, वर्षों पुरानी जल समस्या होगी दूर

Share

उदयपुर, 25 जुलाई: सरदार पटेल मंडल के वार्ड संख्या 39 में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में शनिवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा लगभग 500 मीटर लंबी नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य का भूमि पूजन उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने किया। क्षेत्र की पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण कम दबाव से जलापूर्ति होती थी तथा बार-बार लाइन खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और पेयजल व्यवस्था उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। नई पाइपलाइन से वार्ड 39 में नियमित और पर्याप्त दबाव से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष तख्त सिंह शक्तावत, डॉ. अमृत मेनारिया, गजेंद्र अग्रवाल, पार्षद संतोष मेनारिया सहित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।