उदयपुर 25 जुलाई: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए इतिहास विभाग की अध्यक्ष एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. (श्रीमती) दिग्विजय भटनागर को विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड का अध्यक्ष तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. हेमराज सिंह चौधरी को स्पोर्ट्स बोर्ड का सचिव नियुक्त किया है।
प्रो. दिग्विजय भटनागर विश्वविद्यालय की वरिष्ठ एवं अनुभवी शिक्षाविद् हैं। वे पूर्व में इतिहास विभाग की अध्यक्ष एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान कर चुकी हैं। तथा वर्तमान में वे चीफ वार्डन, सामाजिक विज्ञान संकाय अध्यक्ष, तथा विश्वविद्यालय प्रबंध मंडल की सदस्य भी हैं तथा अपने दीर्घ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव के दौरान विश्वविद्यालय के अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं। उनकी प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता एवं छात्र हितों के प्रति समर्पित कार्यशैली को देखते हुए यह नियुक्ति विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
स्पोर्ट्स बोर्ड के नव नियुक्त सचिव डॉ. हेमराज सिंह चौधरी शारीरिक शिक्षा एवं खेल क्षेत्र के एक समर्पित और अनुभवी अधिकारी हैं। अपने छात्र जीवन में वे एक प्रतिभाशाली एवं प्रतिष्ठित मुक्केबाज रहे हैं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। खेलों के साथ-साथ उन्हें योग विज्ञान का भी व्यापक ज्ञान एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा के रूप में वे विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों के संचालन, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तथा खेल आयोजनों के सफल प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
विश्वविद्यालय परिवार एवं खेल जगत से जुड़े शिक्षकों, खिलाड़ियों तथा अधिकारियों ने दोनों नियुक्तियों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि प्रो. दिग्विजय भटनागर के नेतृत्व एवं डॉ. हेमराज सिंह चौधरी के कुशल समन्वय में विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी। खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की सहभागिता और उपलब्धियों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की अपेक्षा व्यक्त की जा रही है। इस अवसर पर निवर्तमान सचिव डॉ. भीमराज पटेल, डॉ शैलेंद्र सिंह राव, जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल, डॉ दीपेंद्र सिंह चौहान, के. जी. मूंदड़ा, शंभू सिंह राठौड़, गजेंद्र शर्मा, क्रिकेट कोच कैलाश मीणा, प्रताप सिंह राठौड़, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रशिक्षक वर्धमान सिंह नरूका, सरदार सिंह राणावत, अतीत सिंह भाटी, डॉ. दिलीप सिंह शक्तावत, नितिन बिष्ट, रुद्र प्रताप सिंह, क्रीड़ा मंडल स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी गण उपस्थित रहे।