मेनार में बस-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, 3 की मौत, 10 घायल

Share

ओवरटेक के दौरान ट्रेलर से टकराई सवारियों से भरी बस; केबिन की छत समेत आगे का हिस्सा बिखरा, ड्राइवर फरार
उदयपुर, 26 अगस्त:
उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम नेशनल हाईवे-48 पर मेनार डाक बंगले के पास सवारियों से भरी निजी बस और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन सवारियों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का एमबी हॉस्पिटल में उपचार जारी है। हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन की छत समेत कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए।
जानकारी के अनुसार करीब 35 यात्रियों से भरी मातेश्वरी बस मंगलवाड़ से सवारियां लेकर उदयपुर की ओर आ रही थी। शाम करीब 4 बजे मेनार डाक बंगले के सामने बस चालक ने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने के लिए हाईवे पर लाइन बदली। इसी दौरान बस ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। सीटों और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा।
ग्रामीणों ने घायलों को बस से बाहर निकाला
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा हाईवे पेट्रोलिंग टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम के हालात बने रहे। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
खेरोदा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पहाड़ा निवासी बंशीलाल टेलर और शोभागपुरा निवासी भगवानलाल डांगी शामिल हैं, जबकि मृतक महिला की पहचान की जा रही है। हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
तेज रफ्तार और ओवरटेक को हादसे की वजह माना
थानाधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में बस की रफ्तार तेज होना सामने आया है। चालक ने हाईवे पर लाइन बदलकर ओवरटेक करने का प्रयास किया, इसी दौरान बस ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर में ड्राइवर सीट वाले हिस्से को छोड़कर बस का आगे का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।