एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, 242 बालिकाओं को लगी वैक्सीन

Share

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिलेभर में चलाया जा रहा निशुल्क टीकाकरण
उदयपुर, 17 अप्रैल:
जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत शुक्रवार को 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रभावी और सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि जिले की सभी पात्र बालिकाओं को चरणबद्ध तरीके से यह टीका लगाया जाएगा।
आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को जिले के 37 स्वास्थ्य केंद्रों पर अभियान चलाकर 242 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। अभियान के अगले चरण में शनिवार को जिले के 86 चिकित्सा स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।
अभियान की सफलता के लिए अभिभावकों और बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग का सहयोग भी लिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं तक टीकाकरण का लाभ पहुंच सके। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को यह टीका लगवाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।