आईजी बोले- सम्मान, संवेदनशीलता और कानूनी संरक्षण सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी

Share

ट्रांसजेंडर अधिकारों पर पुलिस की रेंज स्तरीय कार्यशालात्र
उदयपुर, 30 जुलाई:
राजस्थान पुलिस के राज्यव्यापी ऑपरेशन स्माइल के तहत गुरुवार को उदयपुर रेंज पुलिस और यूनिसेफ राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और संरक्षण पर रेंज स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। फतहपुरा स्थित विद्याभवन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता आईजी गौरव श्रीवास्तव ने की।
आईजी श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मान के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना पुलिस और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से ट्रांसजेंडर अधिकार संरक्षण अधिनियम-2019 के प्रावधानों का संवेदनशीलता के साथ पालन करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में नई भोर संस्थान की निदेशक पुष्पा माई, यूनिसेफ की बाल संरक्षण अधिकारी हिमाली लेउवा, मनोचिकित्सक डॉ. अंजली शर्मा तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने ट्रांसजेंडर अधिकार, मानसिक स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उदयपुर रेंज के पुलिस अधिकारियों, चाइल्ड लाइन प्रतिनिधियों और ट्रांसजेंडर समुदाय सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।