10 सितंबर से 8 अक्टूबर तक रेल यातायात प्रभावित, यात्रियों से पहले समय-सारिणी जांचने की अपील
उदयपुर, 30 जुलाई: उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में अजमेर-चंदेरिया रेलखंड पर झड़वासा-बान्दनवाडा और सिंगावल स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते 10 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक कई रेल सेवाएं रद्द, आंशिक रद्द, मार्ग परिवर्तित, री-शेड्यूल और रेगुलेट रहेंगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ब्लॉक का सबसे अधिक असर उदयपुर से संचालित ट्रेनों पर पड़ेगा। उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी (12991/12992), मदार-उदयपुर एक्सप्रेस (19605/19606), उदयपुर-योगनगरी ऋषिकेश (19609/19610) और उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस (22985/22986) की कई सेवाएं विभिन्न तिथियों पर रद्द रहेंगी। वहीं जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस (14801/14802) भी प्रभावित रहेगी।
इसके अलावा कुछ ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, जयपुर, सवाई माधोपुर और रतलाम होकर चलेगी, जबकि अजमेर-बांद्रा एक्सप्रेस को आबूरोड, पालनपुर और साबरमती होकर चलाया जाएगा।
रेलवे ने बताया कि जयपुर-उदयपुर एक्सप्रेस की कई सेवाएं केवल राणाप्रतापनगर तक ही संचालित होंगी। वहीं उदयपुर-मदार एक्सप्रेस कई दिनों तक अजमेर तक ही चलेगी। कुछ ट्रेनों को 40 मिनट तक रेगुलेट किया जाएगा, जबकि कई रेल सेवाएं 1 से 2 घंटे तक विलंब से रवाना होंगी।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने और संशोधित समय-सारिणी की जानकारी लेने की अपील की है।
प्रमुख असर
12 ट्रिप: उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी (12991/12992) रद्द।
5 ट्रिप: मदार-उदयपुर एक्सप्रेस (19605/19606) रद्द।
2 ट्रिप: उदयपुर-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस रद्द।
1 ट्रिप: उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस रद्द।
कई ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी।
अनेक रेल सेवाएं 1 से 2 घंटे की देरी से संचालित होंगी।
कुछ ट्रेनों का झड़वासा और बान्दनवाडा स्टेशनों पर ठहराव भी नहीं होगा।