आईआईएम उदयपुर ने शुरू किया वर्चुअल बीबीए प्रोग्राम

Share

पीयूष गोयल ने कहा— तकनीक और मातृभाषा से शिक्षा होगी अधिक सुलभ
द्विभाषी और ऑनलाइन मॉडल को बताया भविष्य की जरूरत, पहले बैच के विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
उदयपुर, 6 जुलाई:
भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) उदयपुर ने अपने बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) प्रोग्राम का वर्चुअल शुभारंभ किया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में ऑनलाइन जुड़कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और इसे तकनीक, गुणवत्ता तथा मातृभाषा आधारित शिक्षा का अनूठा संगम बताया।
मुंबई में भारी बारिश के कारण उड़ान में विलंब होने के बावजूद मंत्री ने विमान से उतरते ही वाहन से लाइव जुड़कर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि द्विभाषी और ऑनलाइन स्वरूप के कारण यह कार्यक्रम देश के दूर-दराज़ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पीयूष गोयल ने कहा कि नई शिक्षा नीति तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देती है और आईआईएम उदयपुर का यह बीबीए प्रोग्राम उसी दिशा में एक अभिनव पहल है। उन्होंने ऑनलाइन शिक्षण के साथ ऑफलाइन परीक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए इसे जवाबदेही सुनिश्चित करने वाला प्रभावी मॉडल बताया। साथ ही विद्यार्थियों के लिए सॉफ्ट स्किल, उद्योग भ्रमण, अनुभवात्मक अध्ययन और वैश्विक श्रेष्ठ पद्धतियों को अपनाने जैसे चार महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
आईआईएम उदयपुर के निदेशक प्रो. अशोक बनर्जी ने मंत्री के सुझावों का स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान के लिए मार्गदर्शक बताया। वहीं बीबीए प्रोग्राम के अध्यक्ष प्रो. कुणाल कमल कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम भाषा, दूरी और आर्थिक बाधाओं को कम कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन माध्यम का अर्थ गुणवत्ता से समझौता नहीं, बल्कि अधिक समावेशी और सुदृढ़ शिक्षा व्यवस्था है।
कार्यक्रम में संस्थान की शोध-आधारित शिक्षा, उच्च शैक्षणिक मानकों और समावेशी दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि आईआईएम उदयपुर का यह द्विभाषी बीबीए प्रोग्राम देशभर के विद्यार्थियों को आधुनिक प्रबंधन शिक्षा से जोड़ने में नई मिसाल स्थापित करेगा।