बाड़ेबंदी के बीच निर्दलीय पार्षद कमलेश की भाजपा में एंट्री

Share

दिनेश भट्ट भी अस्पताल से रिसोर्ट पहुंचे, राजसमंद के पार्षद भी साथ; क्रॉस वोटिंग को लेकर सतर्कता
उदयपुर, 19 सितम्बर:
नगर निगम में महापौर चुनाव को लेकर भाजपा की बाड़ेबंदी के बीच शनिवार को एक निर्दलीय पार्षद की भाजपा में एंट्री हुई। वार्ड 11 से निर्दलीय चुनाव जीतने वाले कमलेश बोराणा बाड़ेबंदी वाले रिसोर्ट पहुंचे। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में एक और निर्दलीय पार्षद को भाजपा के साथ लाने की तैयारी है। महापौर और उपमहापौर चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका के चलते भाजपा निर्दलीय पार्षदों से भी संपर्क में है।
इधर, दो दिन से निजी अस्पताल में भर्ती भाजपा पार्षद दिनेश भट्ट को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रिसोर्ट लाया गया। उन्हें पूर्व महापौर एवं चुनाव संयोजक रजनी डांगी अस्पताल से रिसोर्ट लेकर पहुंचीं। बताया गया कि गुरुवार को शुगर और बीपी की शिकायत के बाद भट्ट को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके रिसोर्ट पहुंचने पर भाजपा के कई पार्षद उनसे मिलने उनके कमरे में पहुंचे।
राजसमंद के पार्षद भी इसी रिसोर्ट में
राजसमंद के भाजपा पार्षदों को भी उदयपुर के समीप नाथद्वारा रोड स्थित इसी रिसोर्ट में ठहराया गया है। भाजपा नेताओं के अनुसार बाड़ेबंदी के दौरान पार्षदों को एक साथ रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है। शनिवार को उदयपुर निगम के भाजपा पार्षदों को कहीं बाहर नहीं ले जाया गया। इससे पहले उन्हें दो दिन सांवलियाजी और नाथद्वारा देव-दर्शन यात्रा पर ले जाया गया था।
डिप्टी मेयर के नाम पर अंतिम समय तक सस्पेंस
पारस सिंघवी को भाजपा की ओर से महापौर प्रत्याशी बनाया जा चुका है और 21 सितम्बर को मतदान होना है। अब सबकी नजर डिप्टी मेयर के नाम पर है। सूत्रों के अनुसार भाजपा अंतिम समय तक उपमहापौर प्रत्याशी के नाम का खुलासा नहीं कर सकती है। दिनेश भट्ट, डॉ. पंकज बोराणा और डॉ. कविता जोशी के नाम चर्चा में हैं। वहीं योगेश कुमावत और आशीष कोठारी के नाम भी पार्टी के भीतर चर्चा में बताए जा रहे हैं। अलग-अलग नेताओं और गुटों की ओर से अपने पसंदीदा नामों के लिए प्रयास किए जाने की बात सामने आ रही है।
निर्दलीयों से संपर्क, कांग्रेस भी सक्रिय
क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच भाजपा और कांग्रेस दोनों ही निर्दलीय पार्षदों के संपर्क में हैं। भाजपा की ओर से निर्दलीय पार्षदों से महापौर और उपमहापौर चुनाव में समर्थन मांगे जाने की बात कही जा रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि कमलेश बोराणा भाजपा के महापौर और उपमहापौर प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे। हालांकि मतदान तक राजनीतिक तस्वीर में बदलाव की संभावना बनी हुई है।