सर्वसमाज के लोगों ने जताया आक्रोश, आरोपी के मकान पर कार्रवाई और मंदिर पुनर्निर्माण की मांग; कलेक्टर से मिले प्रतिनिधि
उदयपुर, 19 सितम्बर : सूरजपोल थाना क्षेत्र के इन्द्रानगर बीड़ा इलाके में शिवलिंग क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर शनिवार को सर्वसमाज के लोगों में आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में देहलीगेट चौराहे और आसपास के दुकानदारों ने स्वैच्छिक रूप से कुछ समय के लिए प्रतिष्ठान बंद रखे। प्रशासन की समझाइश के बाद दुकानदारों ने बंद वापस ले लिया।
घटना गुरुवार रात इन्द्रानगर बीड़ा क्षेत्र स्थित शिव मंदिर में हुई थी। सूचना मिलने पर सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से समझाइश की थी। घटना के बाद पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। शुक्रवार देर रात एक संदिग्ध की पहचान के बाद पुलिस ने फिरोज उर्फ भूरया को डिटेन किया। उससे पूछताछ की जा रही है।
देहलीगेट पर जुटे लोग, कार्रवाई की मांग
शनिवार को सर्वसमाज के आह्वान पर लोग देहलीगेट चौराहे पर एकत्र हुए। दुकानदारों ने घटना के विरोध में स्वैच्छिक बाजार बंद रखा। इस दौरान आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने और मंदिर का पुनर्निर्माण कराने की मांग उठाई गई। पुलिस के पहुंचने के बाद लोगों से समझाइश की गई।
करीब दो घंटे तक चले विरोध के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि आरोपी का खुद का या किराए का मकान यदि अवैध पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंदिरों में सीसीटीवी लगाने की मांग
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता सन्नी पोखरना सहित अन्य लोगों ने घटना पर आक्रोश जताया। उन्होंने मंदिर का पुनर्निर्माण कराने तथा शहर के मंदिरों के बाहर और अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर निगरानी रखी जा सके। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।