“नर्सिंग कर्मी अस्पताल की रीढ़, सेवा और समर्पण अतुलनीय”
उदयपुर, 12 मई: भीलों का बेदला स्थित पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नर्सिंग स्टॉफ ने केक काटकर मानवता की सेवा का संकल्प दोहराया।
पीएमसीएच चेयरमैन राहुल अग्रवाल ने कहा कि नर्सिंग कर्मी किसी भी अस्पताल की रीढ़ होते हैं। डॉक्टर इलाज लिखते हैं, लेकिन मरीज तक संवेदनशील सेवा पहुंचाने का कार्य नर्सेज करती हैं। उन्होंने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन को सेवा और त्याग की प्रेरणा बताते हुए नर्सिंग कर्मियों से समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
नर्सिंग अधीक्षक भरतलाल पाटीदार ने सभी अतिथियों और नर्सिंग स्टॉफ का स्वागत करते हुए कहा कि एक कुशल नर्स अपने व्यवहार और सेवा भाव से मरीज का आधा दुख दूर कर देती है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ चिकित्सकों और बड़ी संख्या में मेल एवं फीमेल नर्सिंग कर्मियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान अस्पताल परिसर में उत्साह और सेवा भावना का माहौल बना रहा।