जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक
उदयपुर, 12 मई: जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर दीपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार और मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य, सीएमएचओ द्वितीय डॉ. ओम प्रकाश रायपुरिया, आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता, उप निदेशक डॉ. कैलाश शर्मा, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह सहित विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर दीपेंद्र सिंह ने सभी अधिकारियों को स्व जनगणना अभियान में भाग लेने और अधीनस्थ कर्मचारियों से दो दिन में प्रक्रिया पूरी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्पर्क पोर्टल पर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने कहा कि कई ब्लॉकों द्वारा योजनाओं की ऑनलाइन प्रगति समय पर दर्ज नहीं की जा रही, जिससे जिले की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने आईएचएमएस और ई-औषधि पोर्टल पर नियमित एंट्री के निर्देश दिए।
डॉ. ओम प्रकाश रायपुरिया ने भवन और भूमि संबंधी समस्याएं उठाईं, जबकि डॉ. विक्रम सिंह ने गर्मी में पेयजल, छाया, कूलर और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डॉ. राकेश गुप्ता ने गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच और पोषण पर बल दिया। वहीं डॉ. कैलाश शर्मा ने परिवार नियोजन और नसबंदी मामलों को बढ़ाने, डॉ. प्रणव भावसार ने स्क्रीनिंग बढ़ाने, डॉ. मनु मोदी ने एचआईवी टेस्टिंग और डीपीसी टीबी देवेंद्र पाल ने ट्रू-नॉट जांच बढ़ाने के निर्देश दिए।