संक्षिप्त समाचार

Share

प्रताप जयंती के लिए दिया निमंत्रण


उदयपुर, 3 जून: महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने सूरजकुंड गुरुदेव श्री अवधेशानंद जी महाराज को आमंत्रित किया। महासभा अध्यक्ष डॉ. पृथ्वीराज सिंह चौहान, कार्यक्रम संयोजक कमलेंद्र सिंह पंवार सहित कई पदाधिकारी इस दौरान उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों की बैठकों में पहुंचकर भी कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया। आयोजन समिति के अनुसार सप्त दिवसीय कार्यक्रम के तहत समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और महाराणा प्रताप के आदर्शों के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जाएगा।

55 लाख चोरी का दूसरा आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर, 3 जून: फलासिया थाना क्षेत्र के कोल्यारी कस्बे में 55 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रायता केरी के जंगलों में छिपा हुआ था, जहां से उसे दबोचा गया। इससे पहले मुख्य आरोपी रमेश गिरफ्तार हो चुका है, जिसने दो साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया था। 17 मई की रात चोर घर के पीछे से घुसे और तीन कमरों के ताले तोड़कर अलमारी से सोना-चांदी के जेवरात व नकदी चुरा ले गए। घटना के समय मकान मालिक दंपती उदयपुर गए हुए थे। पुलिस अब आरोपी से चोरी के जेवर बरामद करने में जुटी है, जबकि तीसरे आरोपी लक्ष्मण की तलाश जारी है।

चित्तौड़गढ़ में EV से होगा कचरा संग्रहण

चित्तौड़गढ़, 3 जून: नगर परिषद शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण प्रणाली को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने जा रही है। अब इलेक्ट्रिक वाहनों के जरिए कचरा उठाया जाएगा और प्रत्येक घर को विशेष कोड से जोड़ा जाएगा। करीब 45 दिनों में 35 हजार घरों को इस व्यवस्था से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। डिजिटल रिकॉर्ड से वाहन की लाइव लोकेशन, कचरा संग्रहण का समय और क्षेत्रवार निगरानी संभव होगी। परिषद ने नागरिकों को गीला, सूखा, सेनेटरी और विशेष श्रेणी का कचरा अलग-अलग देने के निर्देश दिए हैं।

पालनागृह की बदहाली पर नोटिस

डूंगरपुर, 3 जून: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव किरण कुमार चौहान ने हरिदेव जोशी जिला अस्पताल के पालनागृह का औचक निरीक्षण किया और गंभीर खामियां मिलने पर अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी किया। निरीक्षण में पाया गया कि अस्पताल परिसर में कहीं भी पालनागृह के दिशा-सूचक बोर्ड नहीं लगे थे। नवजातों के लिए रखा पालना धूल से अटा हुआ मिला, पंखे और साफ बेडशीट की व्यवस्था नहीं थी तथा परिसर में गंदगी फैली हुई थी। सबसे गंभीर बात यह रही कि सुरक्षा के लिए आवश्यक अलार्म सिस्टम भी गायब मिला। सचिव ने इसे नवजातों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं।

महिला के गले से चेन झपटी

बांसवाड़ा, 3 जून: शहर के अगरपुरा विनायक नगर में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। दो बाइक सवार बदमाश ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे और पहले सामान खरीदा। इसके बाद उन्होंने जानबूझकर 100 रुपए का नोट नीचे गिरा दिया। महिला जैसे ही नोट उठाने झुकी, पीछे बैठे बदमाश ने उसके गले से करीब ढाई तोले की सोने की चेन झपट ली और दोनों फरार हो गए। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए हेलमेट, टोपी और चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। राजतालाब थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

पटवारी समेत तीन पर FIR

बांसवाड़ा, 3 जून: फर्जी दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि हड़पने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने तेजपुर के पटवारी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता राज कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी दिवंगत मां के नाम दर्ज जमीन को हड़पने के लिए प्रकाश, हरीश और पटवारी हिमांशु जैन ने मिलीभगत कर बिना तारीख का फर्जी गिफ्ट डीड तैयार किया। नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान इस कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

थैलेसीमिया मरीजों के लिए विशेष शिविर कल

उदयपुर, 3 जून: आरएनटी मेडिकल कॉलेज के बाल चिकित्सालय में 5 जून को थैलेसीमिया और सिकल सेल रोगियों के लिए निःशुल्क एचएलए मैचिंग शिविर आयोजित होगा। शिविर में मरीजों और उनके संभावित पारिवारिक डोनरों की जांच की जाएगी, जिससे बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए उपयुक्त मरीजों का चयन हो सके। चयनित मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के तहत बीएमटी का लाभ मिलेगा। अस्पताल में वर्तमान में 500 थैलेसीमिया मरीज पंजीकृत हैं और शिविर में संभागभर से करीब 150 मरीज भाग लेंगे। विशेषज्ञ चिकित्सक बोन मैरो ट्रांसप्लांट, एचएलए मैचिंग और आधुनिक उपचार विकल्पों की जानकारी भी देंगे।

राजकुंवर राठौर को पीएचडी उपाधि


उदयपुर, 3 जून: जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय ने उदयपुर की राजकुंवर राठौर को पीएचडी उपाधि प्रदान की है। उन्होंने ‘महिलाओं की खुशी और जीवन संतुष्टि पर कामकाजी स्थिति का प्रभाव’ विषय पर शोध कार्य किया। यह शोध विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान विभाग के अंतर्गत पूरा किया गया। मनोवैज्ञानिक विभाग की प्रमुख एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. वीनस व्यास के निर्देशन में तैयार शोध प्रबंध को विशेषज्ञों ने सराहा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे महिला मनोविज्ञान और सामाजिक अध्ययन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शोध बताया है।

साइक्लोथॉन से दिया पर्यावरण संदेश


उदयपुर, 3 जून: विश्व साइकिल दिवस पर उदयपुर में “चलो चले साइकिल चलाते हैं, प्रकृति से संवाद करके आते हैं” थीम पर साइक्लोथॉन यात्रा निकाली गई। प्रसिद्ध साइकिलिस्ट एवं पर्यावरणविद् डॉ. प्रदीप कुमावत के नेतृत्व में 27 प्रतिभागियों ने पाला गणेशजी से यात्रा शुरू की। रास्ते भर पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया। दूध तलाई पहुंचकर प्रतिभागियों ने स्वच्छता अभियान भी चलाया। जलबुर्ज पर मॉर्निंग वॉकर क्लब ने साइकिलिस्टों का स्वागत किया। डॉ. कुमावत ने कहा कि साइकिल स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और नियमित साइकिलिंग के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

मण्डफिया अस्पताल भवन को 34.45 करोड़ मंजूर

मण्डफिया, 3 जून: राज्य सरकार ने चित्तौड़गढ़ जिले के मण्डफिया (सांवलियाजी) स्थित उप जिला चिकित्सालय के नए भवन निर्माण के लिए 34 करोड़ 45 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। यह राशि राज्य निधि के बजट प्रावधान से उपलब्ध कराई जाएगी। स्वीकृति मिलने से अस्पताल की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी तथा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार संभव हो सकेगा। परियोजना पूरी होने पर मण्डफिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।

आदिवासी मुद्दों पर हो सार्थक बहस: डेचा


ओबरी, 3 जून:
सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने वाले दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि “आदिवासी” और “वनवासी” शब्दों के विवाद से हटकर समाज के वास्तविक हितों पर चर्चा होनी चाहिए। प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि समाज के लिए सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अधिकार अधिक महत्वपूर्ण हैं। डेचा ने भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) और कांग्रेस से सवाल किया कि धर्म परिवर्तन कर चुके लोगों को अनुसूचित जनजाति आरक्षण से बाहर करने के डीलिस्टिंग मुद्दे पर उनकी क्या राय है। उन्होंने कहा कि केवल भावनात्मक नारों से समाज का विकास नहीं होगा।