संघ की पसंद पारस सिंघवी का मेयर बनना तय

Share

नामांकन के दौरान भावुक हुए: भाजपा ने अंतिम दो घंटे में किया नाम फाइनल; कांग्रेस से पूनम कुंवर ने भरा पर्चा
उदयपुर, 16 सितंबर:
उदयपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा ने पारस सिंघवी के नाम पर मुहर लगा दी है। सिंघवी ने बुधवार को समर्थकों और पार्टी नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान वे भावुक हो गए और साथी के गले लगकर रो पड़े। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, पूर्व महापौर जीएस टांक, रजनी डांगी, चंद्रसिंह कोठारी और पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत सहित पार्टी के नेता मौजूद रहे। पार्षद पंकज बोराणा उनके प्रस्तावक बने।
वहीं कांग्रेस ने पूनम कुंवर को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। पूनम कुंवर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ की पत्नी हैं। उन्होंने भी नामांकन दाखिल किया।
प्रमोद सामर और भट्ट के बीच खींचतान के बाद सिंघवी पर बनी सहमति
भाजपा में महापौर पद को लेकर दिनेश भट्ट और प्रमोद सामर के नाम पर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। स्थानीय संगठन और पार्टी के जनप्रतिनिधियों के बीच सहमति नहीं बनने के बाद अंतिम दौर में पारस सिंघवी के नाम पर सहमति बनी। नामांकन के आखिरी दो घंटे में प्रत्याशी का नाम तय होने से पार्टी की अंदरूनी खींचतान भी सामने आई। डिप्टी मेयर पद के लिए भाजपा में दिनेश भट्ट के नाम की चर्चा है। यदि सहमति नहीं बनती है तो अशोक नागदा या जतिन श्रीमाली के नाम पर भी विचार किया जा सकता है। महापौर प्रत्याशी के चयन को लेकर भाजपा में शहर विधायक ताराचंद जैन दिनेश भट्ट के समर्थन में थे, जबकि पार्टी के अन्य नेताओं के बीच अलग-अलग नामों को लेकर चर्चा चल रही थी। इस खींचतान के बीच पारस सिंघवी के नाम पर अंतिम सहमति बनी।