5 श्रेणियों में सम्मान, मुख्य वक्ता होंगे हर्षवर्धन त्रिपाठी
उदयपुर, 2 मई: भारतीय परंपरा में देवर्षि नारद को संचार एवं पत्रकारिता का आदिपुरुष माना गया है। वे केवल संदेशवाहक नहीं, बल्कि तीनों लोकों—स्वर्ग, पृथ्वी और पाताल—के बीच संवाद स्थापित करने वाले ऐसे प्रथम संवाददाता थे, जिनकी पत्रकारिता में सत्य, स्पष्टता, निष्पक्षता और लोकहित का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।
देवर्षि नारद को शास्त्रों में भगवान का ‘मन’ कहा गया है, अर्थात जो कुछ भी ईश्वर के मन में है, वह उन्हें ज्ञात है। इसी कारण वे ज्ञान, अनुभूति और समय—तीनों कालों के साक्षी माने जाते हैं। उनकी संवाद शैली जल के समान सरल, निर्मल और पारदर्शी थी, जो समाज को दिशा देने के साथ-साथ समन्वय स्थापित करने का कार्य करती थी।
इसी प्रेरणा को केंद्र में रखते हुए विश्व संवाद केंद्र समिति, उदयपुर द्वारा देवर्षि नारद जयंती के उपलक्ष्य में 3 मई को उदयपुर में “पत्रकार सम्मान समारोह–2026” का आयोजन किया जा रहा है।
समिति के सचिव प्रवीण कोटिया ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में जिन श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया जाएगा, उनमें उत्कृष्ट प्रिंट पत्रकार, उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक पत्रकार, उत्कृष्ट छायाकार, उत्कृष्ट स्तंभकार एवं उत्कृष्ट स्थानीय यूट्यूब न्यूज चैनल शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी में एक पत्रकार को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चित्तौड़ प्रांत के अंतर्गत आने वाले जिलों के स्वयं पत्रकार अथवा किसी पत्रकार के लिए प्रस्तावक द्वारा आवेदन किए गए थे। विश्व संवाद केंद्र चित्तौड़ प्रांत की इकाई में अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, कोटा, बूंदी, ब्यावर, प्रतापगढ़, सलूंबर, बारां एवं झालावाड़ जिले सम्मिलित हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अप्रैल तक निर्धारित थी, जिसमें सभी श्रेणियों में कुल 124 आवेदन प्राप्त हुए।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी उपस्थित रहेंगे, जिन्हें पत्रकारिता, संपादकीय लेखन और डिजिटल मीडिया में 25 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वे प्रख्यात राजनीतिक और आर्थिक विश्लेषक हैं तथा 1000 से अधिक लेख प्रकाशित कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन वर्ष 2022 तक उदयपुर में आयोजित होता रहा है। इसके पश्चात इसे प्रांत स्तर पर विस्तार देते हुए वर्ष 2023 में अजमेर, 2024 में भीलवाड़ा तथा 2025 में कोटा में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। वर्ष 2026 में पुनः इसका आयोजन उदयपुर में किया जा रहा है।