उदयपुर, 22 अक्टूबर : सेक्टर-14 स्थित सुहालका भवन में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक सात दिवसीय श्री सदगुरु कबीर चरितम कथा का आयोजन होगा। कथा काशी के लहरतारा धाम के धर्माधिकारी परम पूज्य सुधाकर दास जी साहब के मुखारविंद से होगी। आयोजन महंत तपसी दास जी के सानिध्य में सदगुरु कबीर धर्मदास साहेब कमलदास साहेब कबीरपंथी संस्था की ओर से किया जा रहा है। आयोजनकर्ताओं भंवर लाल सुहालका और लोकेश चौधरी ने बताया कि 26 अक्टूबर को सुबह नौ बजे सविना स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर से ग्रंथ यात्रा निकलेगी, जो सुहालका भवन पहुंचेगी। वहां ध्वजारोहण और दीप प्रज्वलन के साथ कथा का शुभारंभ होगा। प्रतिदिन दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कथा होगी। इसमें उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के संत-महंत और श्रद्धालु भाग लेंगे।