बल्कर की सील तोड़कर 5 टन से ज्यादा सीमेंट चोरी, 3 गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 8 अगस्त: गंगरार थाना क्षेत्र के सोनियाणा रीको औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट से भरे बल्कर की कंपनी सील तोड़कर सीमेंट निकालने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट कंपनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बल्कर, ट्रैक्टर और पांच बाइक जब्त की हैं। बल्कर गुजरात से सुजानगढ़ के लिए 44.360 मीट्रिक टन सीमेंट लेकर रवाना हुआ था। जीपीएस लोकेशन के आधार पर कंपनी प्रतिनिधि ने पुलिस को सूचना दी। जांच में बल्कर की सील टूटी मिली। धर्मकांटे पर वजन कराने पर 39.270 मीट्रिक टन सीमेंट मिला, यानी 5.090 टन कम। पुलिस ने नाथूलाल उर्फ लालू जाट, शंकरलाल शर्मा और नारायणलाल बैरवा को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
विश्व आदिवासी दिवस पर डूंगरपुर में कड़ा पहरा
डूंगरपुर, 8 अगस्त: विश्व आदिवासी दिवस पर जिले में होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों सहित करीब 40 से 50 स्थानों पर नाकाबंदी की जाएगी। पुलिस ट्राइपॉड कैमरों से आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की रिकॉर्डिंग करेगी। वहीं प्रमुख मार्गों के CCTV और पुलिस वाहनों में लगे डैशकैम से भी निगरानी रखी जाएगी। रिकॉर्डिंग का विश्लेषण कर संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। पुलिस ने आमजन से छेड़छाड़, धमकी या अपराध की सुरक्षित तरीके से वीडियो रिकॉर्डिंग कर संबंधित थाने अथवा ‘तीसरी आंख’ मोबाइल नंबर 8690180022 पर भेजने की अपील की है।
दक बोले- विपक्ष के दौर में गिरती रहीं सरकारें
बांसवाड़ा, 8 अगस्त: सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष और राज्य सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां भाजपा कार्यकर्ता जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने ERCP, यमुना जल समझौता, रोजगार, राइजिंग राजस्थान और बिजली क्षेत्र में सुधार को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक में दक ने आगामी पंचायत राज और नगर निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके दौर में आपसी कलह के कारण सरकारें गिरती रहीं, जबकि वर्तमान सरकार एकजुट होकर काम कर रही है। 9 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले में तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी।
बच्चे को दूध पिला रही महिला पर श्वान का हमला
बांसवाड़ा, 8 अगस्त: आंबापुरा थाना क्षेत्र के सेमलीया गांव में घर के बाहर बैठी महिला पर श्वान ने अचानक हमला कर दिया। महिला बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी दौरान वहां आया कुत्ता पहले चला गया, लेकिन कुछ देर बाद लौटकर पीछे से महिला पर झपट पड़ा। हमले में पारस पत्नी प्रवीण के पैर समेत शरीर पर दो जगह गहरे घाव हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल जिला मुख्यालय स्थित एमजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पति प्रवीण ने बताया कि अचानक हुए हमले से महिला संभल नहीं सकी और गंभीर रूप से घायल हो गई।