संभाग की प्रमुख संक्षिप्त समाचार: डॉ. चंद्रेश छतलानी ने बनाया दसवां विश्व रिकॉर्ड

Share

उदयपुर: जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के शिक्षाविद् एवं नवाचारकर्मी डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पटल पर विद्यापीठ और उदयपुर का नाम गौरवान्वित किया है। अमेरिका (स्टेट ऑफ व्योमिंग) की प्रतिष्ठित संस्था ‘इंटरनेशनल बोर्ड ऑफ एक्सीलेंस’ द्वारा संचालित ‘सुप्रीम वर्ल्ड रिकॉर्ड टाइटल’ ने उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रति जागरूकता और साक्षरता में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्व रिकॉर्ड से सम्मानित किया है। डॉ. छतलानी को यह रिकॉर्ड उनके द्वारा संचालित ब्लॉग ‘एआई बोध’ के लिए मिला है, जिसे एआई सीखने और जागरूकता को समर्पित प्रथम हिंदी भाषीय ब्लॉग के रूप में आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है। इस निःशुल्क ब्लॉग के माध्यम से उन्होंने हिंदी भाषी पाठकों को जनरेटिव एआई और एजेंटिक एआई जैसी उभरती और जटिल तकनीकों को सरल तरीके से समझने में सक्षम बनाया है।

तेज रफ्तार वाहनों की भिड़ंत में बुजुर्ग गंभीर घायल
उदयपुर
: प्रतापनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार दो युवकों को मामूली चोटें आईं। हादसा रात करीब 10:30 बजे हिंदुस्तान जिंक स्मेल्टर के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज गति से चल रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय दलपत सिंह चौहान को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रतापनगर थाने के एएसआई देवीलाल ने बताया कि फिलहाल कोई लिखित रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जमीन विवाद में बेटे पर हमला, पिता सहित कई नामजद
डूंगरपुर:
बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के साबली गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पिता ने साथियों के साथ मिलकर अपने बेटे और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में विपिन वरहात और उसका मित्र लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार विपिन अपने दोस्तों के साथ जा रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि सुरेश मनात ने तलवार से हमला किया, जबकि बीच-बचाव करने आए लोकेश पर लोहे की रॉड से वार किया गया। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। विपिन ने रिपोर्ट में बताया कि मुख्य आरोपी उसका पिता लीलाराम वरहात है और जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएसटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन मामलों में गिरफ्तारी
डूंगरपुर:
जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में भाटपुर तिराहे पर जुआ खेलते दो व्यक्तियों को पकड़ा गया और उनके कब्जे से 5 हजार रुपए बरामद किए गए। दूसरी कार्रवाई में वीरपुर निवासी धनपाल डामोर को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरी कार्रवाई में भाटपुर निवासी लोकेश डामोर को 1.17 ग्राम ब्राउन शुगर और 5,500 रुपए नकद के साथ पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में नशीला पदार्थ बेचने की बात स्वीकार की है। एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई इन कार्रवाइयों को अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

नसबंदी के बाद महिला की मौत
डूंगरपुर :
सागवाड़ा क्षेत्र में नसबंदी ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति ने सरकारी अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। गड़िया गांव निवासी कालूराम के अनुसार उसकी पत्नी सुशीला का 9 जून को सरकारी अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उसे स्वस्थ बताकर घर भेज दिया गया, लेकिन रात में उसकी तबीयत बिगड़ गई। अगले दिन दो बार अस्पताल ले जाने के बावजूद उसे छुट्टी दे दी गई। शाम को हालत गंभीर होने पर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति का आरोप है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने से उसकी पत्नी की मौत हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कूलर बंद करते समय करंट लगने से युवक की मौत
बांसवाड़ा:
सदर थाना क्षेत्र के तलवाड़ा गांव में कूलर की पिन निकालते समय करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा गुरुवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार 48 वर्षीय शंकर डामोर घर में चल रहे कूलर को बंद करने के लिए इलेक्ट्रिक बोर्ड से पिन निकाल रहा था, तभी वह तेज करंट की चपेट में आ गया। झटका इतना जोरदार था कि वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। महात्मा गांधी अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हाईवे किनारे मिली युवक की लाश, हादसे की आशंका
बांसवाड़ा:
सदर थाना क्षेत्र के सागदोड़ गांव के पास हाईवे किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों ने सड़क किनारे लहूलुहान हालत में युवक को पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कुशलगढ़ निवासी प्रकाश डामोर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक के सिर में गंभीर चोट थी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई। प्रारंभिक जांच में किसी वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।