नए आयकर अधिनियम पर उदयपुर में मंथन आज से, देशभर के सीए होंगे शामिल

Share

उदयपुर, 11 जून : भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की उदयपुर शाखा द्वारा डायरेक्ट टैक्स कमेटी, आईसीएआई के सहयोग से 12 एवं 13 जून को रामी रॉयल रिसोर्ट में दो दिवसीय ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन डायरेक्ट टैक्स-2026 चरैवेति’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में देशभर से चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर सलाहकार, अधिवक्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।
उदयपुर शाखा अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के पंजीकरण प्राप्त हो रहे हैं। सम्मेलन का उद्घाटन 12 जून को प्रातः 9:30 बजे होगा।
शाखा उपाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा ने बताया कि सम्मेलन में प्रस्तावित नए आयकर अधिनियम-2025 के विभिन्न प्रावधानों और चुनौतियों पर गहन चर्चा होगी। तकनीकी सत्रों में टैक्स प्लानिंग, असेसमेंट एवं री-असेसमेंट, रीओपनिंग प्रावधान, अघोषित आय, ट्रस्ट टैक्सेशन, सर्च एंड सीजर, सक्सेशन प्लानिंग तथा नए आयकर कानून के व्यापक स्वरूप पर विशेषज्ञ विचार रखेंगे। कार्यक्रम में सीए पंकज शाह, डॉ. (सीए) कपिल गोयल, सीए रवि ममोड़िया, सीए मनीष डफरिया, सीए विष्णु अग्रवाल तथा एडवोकेट (सीए) पंकज सराओगी सहित देश के प्रतिष्ठित कर विशेषज्ञ तकनीकी सत्रों को संबोधित करेंगे।