ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने किया उद्घाटन, बेहतर चिकित्सा सेवाओं की जताई उम्मीद
उदयपुर, 20 अप्रैल: नांदेश्वर मंडल अंतर्गत नाई ग्राम पंचायत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने स्वास्थ्य केंद्र में नए उपकरण, नवीन पंजीयन कक्ष, डी-फ्रीज एवं नई बेंचों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
उद्घाटन समारोह में विधायक मीणा ने स्वास्थ्य केंद्र में विकसित की गई नई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। नई सुविधाओं से मरीजों को पंजीयन, उपचार और प्रतीक्षा जैसी प्रक्रियाओं में अधिक सुविधा मिलेगी।
मीडिया प्रभारी डॉ. सीमा चंपावत ने बताया कि कार्यक्रम में नांदेश्वर मंडल के पूर्व अध्यक्ष दिनेश धाभाई, मंडल अध्यक्ष सुनील चौधरी, प्रदेश आमंत्रित सदस्य देवीलाल भागोरा, बद्री चौधरी, रामलाल भागोरा, महामंत्री भगवतीलाल तेली, रोटरी क्लब अध्यक्ष नरेंद्र धींग, डॉ. मीठालाल मीणा, उकार तेली, दिलीप मेघवाल, धर्मचंद मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध कराई गई नई सुविधाओं की सराहना की और कहा कि इससे नाई ग्राम पंचायत सहित आसपास के गांवों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। ग्रामीणों ने भी इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया।