प्रश्नोत्तरी, सम्मान और सहयोग के जरिए दिया संस्कार व सेवा का संदेश
उदयपुर, 20 अप्रैल: अक्षय तृतीया के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महिला समाज सोसाइटी की विशेष बैठक अंबामाता स्थित ओटीसी परिसर में आयोजित की गई। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्व की महत्ता पर विचार साझा किए।
बैठक के दौरान अक्षय तृतीया विषय पर रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सर्वाधिक सही उत्तर देने पर श्रीमती नलिनी पाल और श्रीमती निर्मला सहलोत को “अक्षय तृतीया भंडार की रानी” की उपाधि देकर ताज, उपहार और माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवा का भाव भी प्रमुखता से दिखाई दिया। सदस्यों ने मिलकर एक जरूरतमंद बच्चे की पाठ्यपुस्तकों के लिए 4 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही वर्क मोब से जुड़ी अध्यक्ष माया कुम्भट का भी सम्मान किया गया।
अध्यक्ष माया कुम्भट ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, संस्कार और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं तथा महिलाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हैं।
इस अवसर पर शारदा तलेसरा, मीनू कुम्भट, पूर्णकला सुराणा, उषा व्यास, सुषमा गोयल, यशवंत भंसाली, सुशीला भंडारी, वीणा गौड़, स्वाति भार्गव सहित कई सदस्याएं उपस्थित रहीं।