आईआईएम उदयपुर में एमबीए 2026-28 बैच का शुभारंभ

Share

378 छात्रों ने शुरू किया प्रबंधन शिक्षा का सफर, महिला विद्यार्थियों की भागीदारी 65.87 प्रतिशत

उदयपुर, 24 जून: भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) उदयपुर ने अपने दो वर्षीय एमबीए कार्यक्रम (2026-28) के 15वें बैच का औपचारिक शुभारंभ करते हुए 378 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का स्वागत किया। विविध शैक्षणिक, व्यावसायिक और भौगोलिक पृष्ठभूमि से आए विद्यार्थियों के लिए यह समारोह उनके प्रबंधन शिक्षा सफर की शुरुआत का प्रतीक बना।

कार्यक्रम की शुरुआत टू-ईयर एमबीए प्रोग्राम समिति के अध्यक्ष प्रो. उज्ज्वल दास के स्वागत संबोधन से हुई। डीन प्रो. विजयता दोशी ने बदलते वैश्विक व्यावसायिक परिवेश में नेतृत्व, नवाचार और निरंतर सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि एवं प्रसिद्ध उद्यमी के. गणेश ने विद्यार्थियों को चुनौतियों को अवसर में बदलने की प्रेरणा दी।

आईआईएम उदयपुर के निदेशक प्रो. अशोक बनर्जी ने छात्रों को शोध-आधारित शिक्षण और वैश्विक दृष्टिकोण का लाभ उठाने का आह्वान किया।

नए बैच में 56.87 प्रतिशत विद्यार्थी गैर-इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं, जबकि महिला विद्यार्थियों की भागीदारी 65.87 प्रतिशत रही। करीब 40.47 प्रतिशत छात्रों के पास पूर्व कार्यानुभव है तथा बैच की औसत आयु 23.46 वर्ष है।

समारोह में प्रथम वर्ष के विभिन्न टर्म्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक पुरस्कार एवं डायरेक्टर अवॉर्ड्स प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन प्रो. अविजित रायचौधरी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। संस्थान ने इस अवसर पर उत्कृष्टता, विविधता और उत्तरदायी नेतृत्व निर्माण की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।