पिंजरा लगाने की मांग, वन विभाग ने रात से सुबह तक चलाया सर्च ऑपरेशन
उदयपुर, 1 सितम्बर: अंबामाता थाना क्षेत्र की गजसिंह जी की बाड़ी में सोमवार देर रात लेपर्ड नजर आने से लोगों में दहशत फैल गई। सज्जनगढ़ अभयारण्य के जंगल से लेपर्ड के आबादी क्षेत्र में आने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और टॉर्च की रोशनी में देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन लेपर्ड का पता नहीं चला।
अंबामाता थानाधिकारी हुकमसिंह ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे लेपर्ड दिखाई देने की सूचना मिली थी। टीम ने क्षेत्र में लोगों के साथ मिलकर तलाश की, लेकिन वह नजर नहीं आया। सुबह भी वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर संभावित मूवमेंट वाले स्थानों पर निगरानी रखी।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सज्जनगढ़ के जंगलों से पहले भी लेपर्ड के आबादी क्षेत्र में आने की घटनाएं सामने आती रही हैं। वन विभाग ने लोगों को रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी है। लोगों ने लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।