NQAS के 12 मानकों पर दो दिन चला मूल्यांकन, राष्ट्रीय प्रमाणन मिलने पर तीन साल तक मिलेगा सालाना 2 लाख रुपए का पुरस्कार
उदयपुर, 1 सितम्बर: शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोपालपुरा को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के तहत राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में भारत सरकार की राष्ट्रीय निरीक्षक टीम ने 31 अगस्त और 1 सितम्बर को केंद्र का दो दिवसीय निरीक्षण किया। टीम ने निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र के सभी 12 विभागों और विभिन्न गुणवत्ता मानकों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि भोपालपुरा केंद्र पिछले वर्ष राज्य स्तर पर गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम में प्रमाणित हुआ था। इसके बाद राष्ट्रीय प्रमाणन के लिए भारत सरकार को आवेदन किया गया। निरीक्षण के लिए डॉ. सिमरज्योत सोढ़ी और डॉ. फैजन अहमद पहुंचे।
अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया कि टीम ने साफ-सफाई, बायोवेस्ट मैनेजमेंट, निशुल्क जांच, दवा वितरण, उपकरणों की उपलब्धता और मानव संसाधन सहित विभिन्न मानकों की जांच की। संस्था प्रभारी डॉ. अंकुर शर्मा ने रिकॉर्ड सहित जानकारी दी। राष्ट्रीय प्रमाणन मिलने पर केंद्र को तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष 2 लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा।
टीम के साथ जिला स्तर से सहयोग के लिए शहर प्रभारी डॉ कैलाश शर्मा, , डॉ. शुभम गोयल, डॉ. पीयूष व्यास, गणेश प्रकाश, सुनील शर्मा आदि मौजूद थे।